State Level Arya Volunteer Sammelan

22 Apr 2018
India
बिहार राजय आरय परतिनिधि सभा

बिहार राज्य आर्य प्रतिनिधि सभा पटना के तत्त्वावधान में सभा प्रांगण में राज्य स्तरीय आर्य कार्यकर्ता सम्मेलन शान्ति व सौहार्द पूर्ण वातावरण में 22 अप्रैल 2018 को सम्पन्न हुआ। सम्मेलन का शुभारम्भ विश्वकल्याणर्थ वैदिक यज्ञ से हुआ। डॉ. व्यास नन्दन शास्त्री, पं. दीप नारायण शास्त्री, पं. विनोद कुमार शास्त्री, पं. दिग्विजय आर्य संयुक्त ब्रह्मा ने यज्ञ सम्पन्न कराया। तत्पश्चात् विहार राज्य आर्य प्रतिनिधि सभा के प्रधान डॉ. संजीव चौरसिया (विधायक) के करकमलों द्वारा ओ३म् ध्वजारोहरण किया गया। सम्मेलन के मुख्य अतिथि मेघालय के महामहिम राज्यपाल माननीय गंगा प्रसाद जी, विशिष्ट अतिथि सार्वदेशिक आर्य प्रतिनिधि सभा नई दिल्ली के प्रधान श्री सुरेश चन्द्र आर्य, दिल्ली आर्य प्रतिनिधि सभा नई दिल्ली के महामंत्री श्री विनय आर्य, विहार राज्य आर्य प्रतिनिधि सभा के मंत्री पं. व्यास नन्दन शास्त्री, कोषाध्यक्ष श्री सत्यदेव प्रसाद गुप्त, सहमंत्री पं. अभिजीत कश्यप, सहमंत्री पं. शक्ति शर्मा, सभा उपप्रधान श्रीमती शान्तिलता आर्य, उपप्रधान श्री महादेव प्रसाद आर्य व श्री वेद प्रकाश आर्य ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर सम्मेलन का विधिवत् उद्घाटन किया। 

मुख्य अतिथि महामहिम राज्यपाल श्री गंगा प्रसाद जी ने उद्घाटन भाषण में कहा ‘आज हमें ऋषि दयानन्द के सन्देशों व वैदिक सिद्धान्तों के प्रचार-प्रसार का सही वातावरण मिला है। समाज में पाखण्ड, अन्धविश्वास, गुरुडम, दहेज प्रथा तथा पाश्चात्य संस्कृति का दुष्प्रभाव फैलता जा रहा है। आज गुरुडम फैलाने वालों को जेल की हवा खिलाई जा रही है। ...एक समय था जब महर्षि जी को जहर दिया जाता था उनकी बातों का विरोध किया जाता था लेकिन आज आर्यों का सम्मान किया जाता है यह महर्षि जी की सच्ची जीत है।’ 

सार्वदेशिक आर्य प्रतिनिधि सभा नई दिल्ली के प्रधान श्री सुरेश चन्द्र आर्य ने अपने उद्बोधन में कहा ‘इस वर्ष अन्तर्राष्ट्रीय आर्य महासम्मेलन अक्टूबर 2018 दिल्ली में होने जा रहा है जिसमें पूरे विश्व के आर्य समाजों के प्रतिनिधि अपनी भागीदारी दर्ज कराने के लिए अभी से तैयारी किये बैठे हैं। आप भी बिहार से भारी संख्या में अपनी भागीदारी दर्ज कराकर संगठन की एकता का सबूत पेश करें।’

दिल्ली आर्य प्रतिनिधि सभा महामंत्री श्री विनय आर्य ने कहा कि ‘अन्तर्राष्ट्रीय आर्य महासम्मेलन दिल्ली में कम से कम 20 हजार आर्यों को बिहार की ओर से अपना प्रतिनिधित्व करना चाहिए। मुझे विश्वास है कि अभी तक हुए अन्तर्राष्ट्रीय महासम्मेलन में ये सम्मेलन सर्वाधिक सफल होगा। सम्मेलन में भाग लेने वालों के लिए हर प्रकार की सुविधा का विशेष प्रबन्ध किया जाएगा। स्टेशन से सम्मेलन स्थल तक आने-जाने, भोजन आवास इत्यादि की निःशुल्क व्यवस्था रहेगी।’

सम्मेलन में सर्वसम्मति से परित प्रस्ताव

1. विहार में पूर्ण रूपेण शराब बन्दी के लिये माननीय मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार को धन्यवाद पत्र भेजा जाए।

2. आर्य समाज की प्रचार गतिविधि तेज करने हेतु एक भव्य प्रचार गाड़ी सभा की आरे से खरीदी जाय जिसमें सभी आवश्यक प्रचार सामग्री रहेगी तथा उपदेशक-भजनोपदेशक द्वारा प्रचार-प्रसार में गति जायी जाये।

3. सभा कार्यालय पूर्णतः कम्प्यूटरीकृत हो।

4. सभी आपसी विवाद समझौते से दूर हों।

5. समय-समय पर लोकोपकारक कार्य किये जाएं जैसे चिकित्सा शिविर, पुरोहित प्रशिक्षण शिविर, आपदा शिविर, आर्य समाजों में निःशुल्क लगाए जाएं।

6. प्रत्येक सक्षम आर्य समाजों में महिला आर्य समाज गठित हो।  

समारोह के अन्त में सभा मन्त्री डॉ. व्यास नन्दन शास्त्री जी ने सभी का धन्यवाद किया तथा सभी कार्यकत्ताओं का आभार प्रकट किया। शान्तिपाठ के साथ सम्मेलन सम्पन्न हुआ।

 

-व्यास नन्दन शास्त्री, मंत्री  

 

 

20th Arya Parivar Yuvak Yuvti Parichay Sammelan

37th Bhavya Varshikotsav